अगर आप सरकारी नौकरी, खासकर सुरक्षा बल में करियर बनाने का सपना देख रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए है। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) में आने वाले पांच साल तक हर साल लगभग 14 हजार नए जवानों की भर्ती होने जा रही है। गृह मंत्रालय ने CISF के कुल स्वीकृत पदों को 1,62,000 से बढ़ाकर 2,20,000 करने की अनुमति दे दी है। इस फैसले से देश की औद्योगिक सुरक्षा पहले से ज्यादा मजबूत होगी और युवाओं को रोजगार के नए मौके मिलेंगे।
पंजाब-हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट में तैनात यूनिट कमांडर ललित पवार के अनुसार, भारत की अर्थव्यवस्था तेज गति से आगे बढ़ रही है और इस विकास को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और सशक्त करना समय की जरूरत है।
CISF के विस्तार के बाद जवानों की तैनाती कई अहम और संवेदनशील स्थानों पर की जाएगी। इसमें हवाई अड्डे, समुद्री बंदरगाह, थर्मल पावर प्लांट, परमाणु ऊर्जा केंद्र, जल विद्युत परियोजनाएं और जम्मू-कश्मीर की जेलें शामिल हैं। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जहां नक्सलवाद में कमी आई है, वहां बन रहे नए औद्योगिक इलाकों की सुरक्षा के लिए भी CISF की उपस्थिति बढ़ाई जाएगी।
साल 2024 में CISF में 13,230 नए जवानों की भर्ती पूरी हो चुकी है। वहीं, 2025 में 24,098 पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। योजना के मुताबिक, अगले पांच सालों तक हर साल लगभग 14 हजार नए जवान CISF में शामिल होंगे। इससे बल को नई ऊर्जा मिलेगी और यह आने वाले समय में सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का बेहतर तरीके से सामना कर सकेगा।
खास बात यह है कि इस भर्ती अभियान में महिलाओं की भागीदारी भी बढ़ाई जाएगी। CISF पहले से ही ऐसी नीतियों पर काम कर रहा है, जो महिलाओं को हर स्तर पर समान अवसर और प्रतिनिधित्व देती हैं।
Join the conversation