झारखंड सरकार की चर्चित और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने वाली योजना मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3,85,751 महिलाओं को जून महीने की ₹2500 की सम्मान राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेज दी गई है। इसके लिए सरकार ने एक झटके में 96 करोड़ 43 लाख 77 हजार 500 रुपये की बड़ी रकम ट्रांसफर की है।
यही नहीं, मई महीने की दूसरी किस्त का भी भुगतान कर दिया गया है। इस चरण में 74,534 महिलाओं को सम्मान राशि मिली है, जिसके लिए 18 करोड़ 63 लाख 35 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। यानी झारखंड सरकार हर महीने लाखों महिलाओं के जीवन में बदलाव लाने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है।
इस योजना का मकसद है महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना। इसके तहत, सरकार हर पात्र महिला को हर महीने ₹2500 रुपये की सम्मान राशि देती है, जो सीधे उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में ट्रांसफर होती है।
जिन महिलाओं का आवेदन तो मंजूर हो चुका है, लेकिन बैंक खाता आधार से लिंक नहीं है, उन्हें अभी योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने ऐसे सभी लाभुकों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपने बैंक खाते की आधार सीडिंग करवा लें, ताकि उन्हें भी योजना का लाभ समय पर मिल सके।
रांची जिले में लाभुकों का भौतिक सत्यापन कार्य भी तेज़ी से चल रहा है। जिन महिलाओं का सत्यापन अभी नहीं हो पाया है, उन्हें कहा गया है कि वे अपनी आंगनबाड़ी सेविका से संपर्क करें, सत्यापन प्रपत्र लें और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करके योजना का लाभ प्राप्त करें।
Join the conversation